राजकीय महाविद्यालय में प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रदर्शन करते एबीवीपी के छात्र का
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में मंगलवा को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय के खिलाफ मोर्चा खोला। कार्यकर्ताओं ने छात्र और समाज हित के मुद्दों पर जमकर प्रदर्शन किया। महाविद्यालय परिसर में सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की गई।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के वर्तमान शैक्षणिक परिदृश्य पर गहरी चिंता जताई। विश्वविद्यालय की ओर से वार्षिक परीक्षा परिणाम हर बार देरी से घोषित किए जा रहे हैं, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा फीस तो पूरी वसूल की जाती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर विद्यार्थियों को झुनझुना थमा दिया जाता है। छात्र उद्घोष संयोजक ऋतिक ने कहा कि विद्यार्थी परिषद मुख्य छह मांगों पर प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं, विवि में प्रवेश परीक्षा और परिणाम की गड़बड़ियां दुरुस्त करने, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ कर शिक्षक एवं गैर शिक्षकों की नियुक्ति करने, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर की 112 हेक्टेयर जमीन को वापस देने और सरदार पटेल विश्वविद्यालय का दायरा बढ़ाने की मांग की जा रही है।
प्रदेश सरकार को छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए उपरोक्त सभी मुद्दों पर जल्द संज्ञान लेना चाहिए। इस दौरान इकाई अध्यक्ष भास्कर भारद्वाज, विभाग संयोजक अमन ठाकुर, उपाध्यक्ष समीक्षा, सहसचिव अखिल, कार्यालय मंत्री अनिल आदि उपस्थित रहे। संवाद