मनाली के पास एक नाले में शनिवार सुबह करीब पांच का एक नर भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मनाली पुलिस ने मौके पर पहुंच भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात महिला के विरुद्ध गर्भपात कराने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। शनिवार सुबह दस बजे नगर परिषद मनाली के वार्ड नंबर सात के नाले में सफाई कर रहे एक कर्मचारी ने गद्दे के बीच एक भ्रूण को देखा।
देखते ही देखते नाले के पास काफी संख्या में लोग जमा हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएचओ मनाली क्षमादत्त शर्मा और जांच अधिकारी एएसआई प्रेम सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भ्रूण को कब्जे में लिया। भ्रूण को शव गृह मनाली में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। पुलिस मामले में गहनता से छानबीन कर रही है कि कब और किसने गद्दे में डालकर भ्रूण को नाले में फेंका। इधर, डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने बताया कि भ्रूण का पोस्टमार्टम कर दिया है। भ्रूण करीब चार-पांच माह का है। पुलिस ने अज्ञात महिला के विरूद्ध गर्भपात कराने का मामला दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।