बंजार (कुल्लू)। फलाचन नदी पर दोगड़ा के पास बने रज्जू मार्ग से नदी को पार करते समय एक छात्रा की दो अंगुलियां कट गई हैं। यह हादसा 15 अगस्त को पेश आया। जमा दो की छात्रा सुलोचना ठाकुर निवासी मशियार स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी। जब वह फलाचन नदी पर बने रज्जू मार्ग को पार कर रही थी तो उसकी दो अंगुलियां गरारी की चपेट में आ गईं।
अंगुलियां कटने से छात्रा घायल हो गई। उसे उपचार के लिए गुशैणी लाया गया। स्थानीय निवासी मोती राम ठाकुर और अन्य ने बताया कि करीब 20 दिन पहले इस रज्जू मार्ग में एक महिला की भी अंगुली कट गई थी। बताया जा रहा है कि जब छात्रा की अंगुली कटी उस दौरान दूसरी तरफ रस्सी खींचने वाला कोई नहीं था। इसके चलते स्वयं ही वह रस्सा खींच कर पार पहुंचने का प्रयास कर रही थी।