कुल्लू के गांधीनगर में पर्यटन निगम का होटल सिल्वर मून, जहां अब वेलनेस सेंटर बनेगा। -संवाद
कुल्लू। पर्यटन को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला कुल्लू के गांधीनगर स्थित होटल सिल्वर मून को वेलनेस सेंटर में बदला जाएगा। इस परियोजना के लिए पर्यटन विभाग ने 26.30 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर अवार्ड कर दिए हैं। निर्माण कार्य अप्रैल माह से शुरू होगा और इसे दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
होटल सिल्वर मून का नवीनीकरण भी किया जाएगा, जिससे इसे और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके। चार मंजिला इस अत्याधुनिक केंद्र में 42 वाहनों की पार्किंग, जकूजी, जिम, स्वास्थ्य क्लब, रेस्तरां और बार जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा, यहां योग, ध्यान, मसाज, स्विमिंग पूल, साओना, स्टीम रूम और चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा भी होगी।
पर्यटन विभाग कुल्लू के अलावा मनाली और नग्गर में भी वेलनेस सेंटर स्थापित कर रहा है, जिनका निर्माण कार्य अप्रैल में शुरू होने की उम्मीद है। कुल्लू के वेलनेस सेंटर में यहां तैनात कर्मचारियों के लिए आवासीय आवास भी होगा। जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा ने कहा कि वेलनेस सेंटर कुल्लू के टेंडर हो गए और काम भी अवार्ड हो गया है। उन्होंने कहा कि 26.30 करोड़ से यहां कई आधुनिक सुविधा होगी।