हिमाचल दूध उत्पादक संघ की बैठक शनिवार को किसान मजदूर भवन चाटी में हुई। बैठक में निर्णय लिया कि 6 जुलाई को दत्तनगर में दूध उत्पादकों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें दूध की पेमेंट समय पर न मिलना, दूध की गुणवत्ता को मापने की मशीन न होने को लेकर रोष जताया जाएगा।
18 जून को शिमला में मिल्क फेडरेशन के प्रबंध निदेशक के साथ भी बैठक कर इन मुद्दों को लेकर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में किसान सभा राज्य सचिव डॉ. ओंकार शाद, देवकी नंद, दूध उत्पादक संघ के संयोजक प्रेम चौहान और रणजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दूध के दाम बढ़ाए हैं। इसके बाद भी दूध उत्पादकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका मुख्य कारण दूध की पेमेंट का समय पर न मिलना है।
इसके अलावा दूध के दाम कम मिलना और सभी सोसायटियों में दूध की गुणवत्ता को मापने की मशीन न होना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को दूध उत्पादकों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, ताकि दूध उत्पादकों को दूध की पेमेंट समय पर मिल सके और दूध के उचित दाम मिल सके। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादक संघ हमेशा से दूध उत्पादकों की मांगों को उठाता रहा है और आगे भी इन मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाता रहेगा। इस मौके पर पूर्ण ठाकुर, सुभाष, दुर्गा नंद, रीना देवी, सानू देवी, सुषमा, निशा देवी, गुलाब, करतार, राम लाल, दर्शन, काकू कश्यप, रिया, जगदीश सहित अन्य मौजूद रहे।