चार राज्यों के युवा सीख रहे रिवर राफ्टिंग, ट्रैकिंग, रिवर क्रॉसिंग, स्विमिंग और आपदा प्रबंधन
व्हाइट वॉटर राफ्टिंग, थ्रोबैक रेस्क्यू, रिवर क्रॉसिंग और रोप तकनीकों का कर रहे हैं अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देश के एक मात्र पिरड़ी स्थित रिवर राफ्टिंग सेंटर में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान एवं एलाइड स्पोर्ट्स की ओर से 4 राज्यों के 50 एनएसएस वॉलिंटियर्स को 10 दिवसीय एडवेंचर स्पोर्ट्स और डिजास्टर रेस्क्यू का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रतिभागियों को रिवर राफ्टिंग, ट्रैकिंग, रिवर क्रॉसिंग, स्विमिंग और आपदा प्रबंधन से संबंधित तकनीक सिखाई जा रही हैं।
रिवर राफ्टिंग सेंटर पिरड़ी के प्रभारी गिमनर सिंह ने बताया कि कैंप का उद्देश्य युवाओं को एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से सक्षम बनाना और उन्हें प्राकृतिक आपदाओं में अभियान चलाकर रेस्क्यू करने योग्य तैयार करना है। व्हाइट वॉटर राफ्टिंग, थ्रोबैक रेस्क्यू, रिवर क्रॉसिंग और रोप तकनीकों का विशेष अभ्यास करवाया जा रहा है। गिमनर सिंह ने कहा कि एडवेंचर स्पोर्ट्स क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं। यह ट्रेनिंग युवाओं को रोजगार के नए अवसरों की दिशा में भी प्रेरित करेगी।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महाराष्ट्र की वैष्णवी, जम्मू-कश्मीर की मान्या गुप्ता, ओडिशा के राजेश और कुल्लू की जसमीना ने बताया कि 10 दिवसीय प्रशिक्षण में रिवर राफ्टिंग चलाना, तैरना, रिवर क्रॉसिंग और रेस्क्यू तकनीक विस्तार से सिखाई जा रही है। यह ट्रेनिंग उन्हें किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों की मदद करने के लिए तैयार कर रही है।