कुल्लू में इन दिनों जापानी फल की पैकिंग करने में जुटे पैकर।-संवाद
हाथोंहाथ खरीद रहे व्यापारी, दामों में उछाल आने से बागवान खुश
बागवान बोले- आने वाले दिनों में भाव में और उछाल आने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सब्जी मंडियों में जापानी फल के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को भुंतर सब्जी मंडी में 160 रुपये प्रतिकिलो तक जापानी फल बिका। जापानी फल को व्यापारी हाथोंहाथ खरीद रहे हैैं। ऐसे में बागवानों को इसका फायदा मिल रहा है।
गौर रहे कि नवंबर के पहले सप्ताह से ही जापानी फल के दामों में तेजी आ रही है। इससे बागवानों को राहत मिली है। अब मंडियों में सिर्फ जापानी फल ही बचा है। ऐसे में व्यापारियाें में इस ताजा फल को खरीदने के लिए होड़ मची है। भुंतर सब्जी मंडी में बुधवार उत्तम क्वालिटी का जापानी फल 160 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। पिछले सप्ताह मंडी में जापानी फल 135 से 160 रुपये किलो तक बिक रहा था। आने वाले दिनों में जापानी फल के दामों में और इजाफा होने की उम्मीद है। उधर, फलोत्पादक मंडल कुल्लू के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने कहा कि बागवान सेब के साथ जापानी फल को भी विकल्प के तौर पर देखने लगे हैं। जापानी फल से बागवान अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।
भुंतर सब्जी मंडी के आढ़ती मानस कुमार सूद ने कहा कि जापानी सीजन अब अंतिम दौर में है लेकिन दाम में लगातार उछाल आ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।