79 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च, लगघाटी की दुर्गम पंचायत में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
विधायक सुंदर ने 1.15 करोड़ से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का भी शिलान्यास किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लगघाटी की दुर्गम पंचायत माशणां में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। माशणां में आधुनिक हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निर्माण होगा। इससे दुर्गम क्षेत्र की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
वेलनेस सेंटर भवन के निर्माण पर स्वास्थ्य विभाग 79 लाख रुपये खर्च करेगा। सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को इसका शिलान्यास किया। इसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य परामर्श, निशुल्क दवा वितरण और निवारक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम उपलब्ध होंगे।
लगभग 1 करोड़ 15 लाख से बनने वाला पंचायत सामुदायिक केंद्र ग्राम वासियों के लिए पंचायत बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र होगा। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसका भी विधायक ने शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को समर्पित प्रयासों का क्रम जारी है। लगघाटी की अति दुर्गम पंचायत माशणां में दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और पंचायत सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया गया है। विकास कार्यों की यह शृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी। ग्राम स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना शीर्ष प्राथमिकता है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनने से लोगों को दूरदराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विधायक निधि से माशणां पंचायत के हर एक महिला और हर युवक मंडल को 50,000 रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी डीआर ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बीएस नेगी, पंचायत प्रधान माशणां बलदेव, उपप्रधान यशवंत ठाकुर आदि उपस्थित रहे।