खराहल (कुल्लू)। पुलिस थाना कुल्लू के तहत खरोटल गांव में लकड़ी के बने एक चादरपोश मकान में आग लग गई। आग की घटना में किराये पर रहा एक व्यक्ति झुलस गया है। उसे उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया है।
बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना तंदूर जलाने से हुई है। तंदूर के पास सोने को रजाई रखी थी। इसमें आग भड़क गई। आग की घटना में घर के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। इसमें लाखों का नुकसान आंका गया है। मंगलवार रात को यह घटना हुई। आग लगने की घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाद में गांववासियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11:15 बजे लकड़ी के बने चादरनुमा मकान में आग लग गई। आग लगने की घटना के बाद गांववासी और मकान मालिक मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। मकान के भीतर रह रहा एक व्यक्ति झुलस गया है। इसकी पहचान कामी तमांग पुत्र बलवक तमांग डाकघर थरमाणा न्यूली जिला कुल्लू (नेपाली मूल) के रूप में हुई है।
उसे गंभीर हालत में एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के लिए लाया गया है। उधर, एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि घायल व्यक्ति का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में इलाज चल रहा है। एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने कहा कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिए गए हैं।