पूर्व जयराम सरकार के समय हुआ था 1.6 किलोमीटर सड़क का काम
भूमि विवाद का मामला निपटते ही काम पूरा करने के लिए पहुंची मशीनरी
सात करोड़ से होना है निर्माण, बंजार की सैकड़ों की आबादी को होगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार और नेशनल हाईवे-305 में जाम से निजात दिलाने के लिए बन रहा बंजार बाईपास सरकार और विभाग की उपेक्षा का शिकार हो गया है।
महज 300 मीटर सड़क का निर्माण दो साल में भी पूरा नहीं हुआ है। सैकड़ों की आबादी 300 मीटर सड़क का निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रही है। हालांकि, अब बाईपास का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। गौर रहे कि 1.6 किलोमीटर सड़क का काम पहले ही लोक निर्माण विभाग ने पूरा कर लिया था।
खास बात यह है कि बाईपास की बंजार में ज्यादा जरूरत है। इसका कार्य जयराम सरकार के समय में शुरू हुआ था। तत्कालीन सरकार ने बंजार क्षेत्र में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए भू अधिग्रहण के साथ करीब 7 करोड़ की प्रशासनिक अनुमति सड़क के निर्माण के लिए दी थी। वर्ष 2022 में 1.6 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ। इसके बाद प्रदेश में नई सरकार आते ही सड़क का निर्माण कार्य लटक गया। सड़क में भूमि विवाद का मामला भी सामने आया। इसे सुलझाने में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को लंबा समय लगा। अब विवाद सुलझ गया है तो बाईपास का कार्य पूरा करने के लिए मशीन भी पहुंच गई है।
बाईपास के निर्माण से बंजार में वीकेंड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। वाहन चालकों का समय भी बचेगा। जिभी, जलोड़ी और आनी की ओर जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों का सफर सुगम हो जाएगा। - चमन ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग
यह होगा फायदा
बंजार बाईपास बनने से सड़क का एक छोर बंजार के घेलीगाड़ में एनएच-305 से मिल जाएगा। बाईपास की शुरुआत खुंदन पुल से होगी। ऐसे में बंजार नगर के मध्य से गुजरने वाले भारी-भरकम वाहनों को बाजार होकर जाने की जरूरत नहीं होगी। बाईपास से बड़े और छोटे वाहन खुंदन पुल से घेलीगाड़ तक निकल सकते हैं।