50 बिस्तर, भंडारण कक्ष, शव गृह, इलेक्ट्रिकल पैनल रूम और लिफ्ट की होगी व्यवस्था
अप्रैल 2027 तक होगा तैयार, लाहौल-स्पीति के साथ पांगी के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
अशोक राणा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर उपमंडल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 50 बिस्तरों की क्षमता वाला अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जा रहा है।
पांच मंजिला अस्पताल भवन के निर्माण से न केवल उदयपुर क्षेत्र के लोगों, बल्कि चंबा जिले के पांगी-किलाड़ के भी हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के चिनाब मंडल उदयपुर की देखरेख में 10 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बन रहा यह अस्पताल अप्रैल 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन की बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा होगी। भंडारण कक्ष, शव गृह, इलेक्ट्रिकल पैनल रूम और लिफ्ट की व्यवस्था भी इसी मंजिल में की जा रही है।
भवन का निर्माण कार्य देख रहे लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता किशोरी लाल ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर में इमरजेंसी वार्ड, इंजेक्शन रूम, सार्वजनिक शौचालय, माइनर ऑपरेशन थिएटर, डिस्पेंसरी, जन औषधि केंद्र और चार ओपीडी बनाई जा रही हैं। पहली मंजिल में कोल्ड स्टोरेज, प्रयोगशाला, 12 कमरों का महिला वार्ड, स्पेशल वार्ड और ओपीडी होंगे। दूसरी मंजिल में टीबी वार्ड, रिकॉर्ड रूम, नर्स स्टेशन, 12 कमरों का पुरुष वार्ड, नर्स-डॉक्टर ड्यूटी रूम और एक और प्रयोगशाला बनाई जाएगी। तीसरी मंजिल में ऑपरेशन थिएटर और रिकवरी रूम, चौथी मंजिल में कॉन्फ्रेंस रूम और पांचवीं मंजिल में मशीन रूम का निर्माण किया जा रहा है।
उधर, लोक निर्माण विभाग चिनाब मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने बताया कि अस्पताल भवन केंद्र और राज्य सरकार की मदद से तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का प्रयास जारी है।
स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि विभाग को तय समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।