कुल्लू। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर में एक लापता युवक की संदिग्ध मौत हो गई। युवक एक माह से लापता चल रहा था। वीरवार को युवक का शव अपने ही मकान के पीछे बगीचे में मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। हालांकि अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल पर लाई है। लापता युवक का शव मिलने से भुंतर बाजार में सनसनी फैल गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरदेश सूद (34 ) निवासी भुंतर गत 6 नवंबर से लापता था। जिसकी गुमशुदगी रिपोर्ट परिजनों से भुंतर थाना में दर्ज करवाई थी। लापता होने के बाद वीरवार को उसे अपने मकान के पीछे बगीचे में मृत पाया गया। युवक का शव देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर छानबीन शुरू की। सभी तथ्यों को जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा दिया गया है। इस संबंध में एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि प्रथम दृष्टि में मामला हत्या का नहीं लग रहा है। जिस पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल पर लाई गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। रिपोर्ट और जांच के दौरान तथ्य सामने आते हैं तो अन्य धाराओं को भी शामिल किया जाएगा।