केलांग। रोहतांग टनल के नार्थ पोर्टल पर चार महीने से बंद पड़ा सुरंग खुदाई का निर्माण कार्य 25 मई से शुरू होगा। सामरिक लिहाज से महत्वपूर्ण इस परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सीमा सड़क संगठन समेत स्ट्रावेग-एफकॉन कंपनी ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
रोहतांग दर्रा खुलने के बाद नार्थ पोर्टल में निर्माण कार्य को लेकर गतिविधियां तेज कर दी हैं। कंपनी के इंजीनियरों ने फिलहाल यहां पर मूलभूत सुविधाओं को जुटाने के साथ ही निर्माण सामग्री को रिस्टोर करना शुरू कर दिया है। बीते दिसंबर माह के अंत तक कंपनी ने नार्थ पोर्टल से रोहतांग सुरंग की 800 मीटर खुदाई कर ली थी।
बीआरओ से संकेत मिला है कि इस बार खुदाई का टारगेट एक से डेढ़ किलोमीटर बढ़ाया जा सकता है। सुरंग के साउथ पोर्टल में खुदाई का काम जारी है। यहां से 1 किलोमीटर 900 मीटर तक खुदाई हो चुकी है। बीआरओ के रोहतांग टनल प्रोजेक्ट के चीफ इंजीनियर पीके महाजन ने बताया कि 25 मई से टनल के नार्थ पोर्टल में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। महाजन ने दावा किया है कि हालात माकूल रहे तो उम्मीद से अधिक खुदाई का काम किया जाएगा। राहत की बात यह है कि टनल में पानी रिसने के बावजूद निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। बीआरओ निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर है।