सैंज (कुल्लू)। जिला स्तरीय सैंज मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में भीड़ पर काबू पाना पुलिस पार्टी के लिए मुश्किल हो गया। यहां तक कि पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव भी किया। इससे एक पुलिस जवान घायल हो गया। पुलिस ने एक पत्थरबाज को नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अन्य शख्स मौका देखकर वहां से फरार हो गए।
रविवार रात सैंज मेले में पुलिस का एक दल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य कर रहा था। इसी दौरान नरेश कुमार ने अपने तीन-चार दोस्तों के साथ मिलकर वहां पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में हेडकांस्टेबल कृष्ण लाल घायल हो गया। अन्य पुलिस कर्मी मुस्तैदी के कारण जख्मी होने से बाल-बाल बचे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल से नरेश कुमार को हिरासत में लिया। पत्थरबाजी के आरोप में फरार चल रहे अन्य लोगों की तलाश जारी है। सांस्कृतिक संध्या में पथराव क्यों हुआ। पुलिस तमाम पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए कार्रवाई कर रही है। एसपी कुल्लू अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मौके से फरार हुए तीन अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है। हेडकांस्टेबल ओम प्रकाश को छानबीन का जिम्मा सौंपा है।