रायसन, गड़सा में उड़ेंगे मानव परिंदे
दोनों जगह पैराग्लाइडिंग साइट निरीक्षण के लिए विभाग ने तकनीकी कमेटी की गठित
कमेटी से हरी झंडी मिलने के बाद शुरू होगी पैराग्लाइडिंग
क्षेत्र के बेरोजगारों युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला में दो नई पैराग्लाइडिंग साइट के चयन को लेकर अब पर्यटन विभाग की ओर से तकनीकी कमेटी का गठन किया गया है। तकनीकी कमेटी रायसन और गड़सा में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग साइटों का मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी। यहां पर भौगोलिक व अन्य परिस्थितियों की जांच की जाएगी।
अगर कमेटी दोनों साइटों को हरी झंडी देती है तो इसी सत्र से रायसन और गड़सा में मानव परिंदे उड़ान भर सकेंगे। दो नई साइटें पास हो जाने से बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे। कुल्लू में करीब तीन माह पहले गड़सा और रायसन में पैराग्लाइडिंग साइट की मंजूरी के लिए विभाग के पास आवेदन आया था। इसके बाद विभाग ने इस पर गौर करते हुए इसकी आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इसी कड़ी में विभाग ने तकनीकी कमेटी का गठन किया है, जो अब इन साइटों पर तकनीकी और नियामक कमेटी निरीक्षण कर यहां सारी व्यवस्था जांचेगी। जिला में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग बंजार में भी पैराग्लाइडिंग साइट का चयन कर रहा है। फिलहाल जिला में मनाली के विश्व प्रसिद्ध सोलंगनाला, फोजल के पास फलाइन, खराहल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तलोगी में पैराग्लाइडिंग साइटें चल रही हैं। इनमें सैकड़ों युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है। ऐसे में अगर गड़सा और रायसन में भी पैराग्लाइडिंग साइटों को मंजूरी मिल जाती है तो इससे जिला में साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
टीम मौके पर तैयार करेगी रिपोर्ट
जिला पर्यटन अधिकारी बीसी नेगी ने कहा कि गड़सा और रायसन में पैराग्लाइडिंग साइटों के निरीक्षण के लिए तकनीकी और नियामक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी मौके पर इसकी रिपोर्ट तैयार करेगी। कमेटी की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद यहां पर पैराग्लाइडिंग शुरू हो पाएगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे और जिला में साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।