अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/कोकसर। जिला कुल्लू व लाहौल में दूसरे दिन भी पहाड़ों में रुक-रुक कर बेमौसमी हिमपात हुआ है। क्षेत्रों में मंगलवार रात के बाद बुधवार को पहाड़ियों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा। घाटी में हुई ताजा बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की रही है। इससे क्षेत्रों में शीतलहर तेज हो गई है।
समुद्रतल से 13050 फीट ऊंचे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर ताजा बर्फ होने की सूचना है। कोकसर में 15, सिस्सू में 12, दारचा में 15, केलांग में 10, उदयपुर में छह तथा सोलंगनाला और जलोड़ी दर्रा में पांच-पांच सेंटीमीटर बर्फबारी होने की सूचना है। धौलाधार की पर्वत श्रृंखलाओं पर भी सुबह से बर्फबारी का दौर जारी रहा। ताजा हिमपात होने से सड़क बहाली में बीआरओ को झटका लग सकता है। साथ ही इसका विपरीत असर पट्टन घाटी में खेतीबाड़ी पर पड़ सकता है। मौसम को देखते ही घाटी के संवेदनशील रूटों पर बसों को भेजा जा रहा है। एनएच-305 से बर्फ हटाने का काम शुरू हो गया है। जिला में करीब एक दर्जन से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद चल रही हैं। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने पर्यटकों व अन्य लोगों से मौसम भांपकर ही सोलंगनाला और जलोड़ी दर्रा की ओर जाने को कहा है।