फोरलेन प्रभावितों ने उठाए मुद्दे
प्रभावितों ने समस्याओं के निराकरण की लगाई गुहार
धीरे-धीरे सभी मुद्दों का किया जाएगा समाधान : सीएम
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। फोरलेन प्रभावितों ने मनाली के सर्किट हाउस में सीएम जयराम ठाकुर के समक्ष अपने मुद्दे रखे। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने अपनी समस्याओं के निराकरण की गुहार लगाई। संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के सभी मुद्दों का निपटारा करने का आश्वासन दिया है।
बैठक में सीएम ने कहा कि धीरे-धीरे प्रभावितों के सभी मुद्दों का निपटारा होगा और उन्हें उनके संवैधानिक अधिकार मिलेंगे। सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने प्रभावितों के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष मुद्दे रखे। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी मांगे जायज हैं। सरकार उनके मुद्दों पर काम कर रही है, कुछ पेचिदगियों के चलते समय लग रहा है व राजस्व सचिव को इस पर काम कर रहे हैं। समय लग सकता है, परंतु धीरे-धीरे सभी मुद्दों का समाधान किया जाएगा। जिसके लिए प्रभावितों के 5-6 प्रतिनिधियों को 10 मई के बाद शिमला बुलाकर मुख्यमंत्री उच्च अधिकारियों से बैठक करेंगे। इस अवसर पर फोरलेन संघर्ष समिति के महासचिव ब्रजेश महंत, कोषाध्यक्ष मंगत राम शर्मा, मनाली खंड के अध्यक्ष एडवोकेट मोहिंद्र ठाकुर, पंडोह के अध्यक्ष पवन शर्मा, युवा विंग अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर, वरिष्ठ सलाहकार दिनेश सेन, जय किशन शर्मा व भगत राम वर्मा मौजूद रहे।