बिजली महादेव छह माह
बाद होंगे रथ में विराजमान
देवता लाव-लश्कर के साथ करेंगे घाटी की परिक्रमा
श्रद्धालुओं देवता का जगह-जगह करेंगे भव्य स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। खराहल और कशावरी फाटी के अधिष्ठाता देवता बिजली महादेव छह माह के बाद शुक्रवार को रथ में विराजमान होंगे। देवता बैसाख संक्रांति से घाटी की परिक्रमा के लिए निकलेंगे। इस दौरान देवता करीब 20 दिनों तक खराहल घाटी के दो दर्जन गांवों में जाकर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देंगे। वहीं श्रद्धालुओं के द्वारा देवता का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा।
शुक्रवार दोपहर देवता गनाखला स्थित देवालय से बिजली महादेव मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर में देवता के रथ का शृंगार किया जाएगा। देर शाम को देवता ढोल नगाड़ों की थाप पर भ्रैंण गांव के लिए रवाना होंगे। भ्रैंण पहुंचने पर देवता का ग्रामीणों द्वारा फूलमालाओं के साथ स्वागत किया जाएगा। वीरवार को भ्रैंण गांव में बिरशु मेले में देवनृत्य भी किया जाएगा। बिजली महादेव 20 दिनों तक गांव जिया, त्रांबली, हलैणी, बंदल, चंसारी और बदाह क्षेत्र के कटियाली में होने वाले मेले में भी शिरकत करेंगे। वहीं हारियानों ने भी देवता के स्वागत की तैयारियां आरंभ कर दी हैं। देवता तथा देवलुओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस संबंध में बिजली महादेव के कारदार अमरनाथ नेगी ने कहा कि देवता बिजली महादेव शुक्रवार को छह माह बाद रथ में विराजमान होंगे। बिजली महादेव मंदिर से देवता की परिक्रमा शुरू हो जाएगी। देवता क्षेत्र के मेले में भी शिरकत करेंगे। देवता की इस परिक्रमा को बैसाख रा फेरा भी कहा जाता है। देवता की स्वागत की तैयारियां आरंभ हो गई हैं।