आपातकाल में कैसे करें अपनों से संपर्क
कोकसर मोबाइल टावर को दुरुस्त न होने से लोगों में रोष
सरकार पर कोकसर क्षेत्र की अनदेखी का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। रोहतांग दर्रा के साथ लगते गांव कोकसर में लगो गए मोबाइल टावर के खराबी के चलते दर्रा से होकर पैदल कदमताल करने वाले यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। 10 मार्च से पैदल रोहतांग गुजरने वालों के लिए कोकसर में बचाव चौकी स्थापित हो चुकी है। बावजूद इसके बीएसएनएल की सेवाएं बहाल नहीं होने से लोगों में रोष है।
मौजूदा समय में कोकसर तक यातायात बहाल हो चुका है। लोगों का आना जाना भी जारी है। कुछ दिनों से हवाई सेवा भी नहीं हो रही है। जिससे दर्रा से पैदल आवाजाही में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं मोबाइल सुविधा से वंचित राहगीरों की मुश्किलें रोहतांग दर्रा का मौसम अचानक बिगड़ जाने बढ़ रही हैं। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने सरकार पर कोकसर क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बचाव दल के स्थापना और बीआरओ की टीम कोकसर डेट पर स्थापित होने के बाद भी टावर ठीक नहीं करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस संबंध में कोकसर पंचायत की प्रधान अंजू ने संचार निगम से शीघ्र मोबाइल सेवा बहाल करने को कहा है। उनके अनुसार संचार निगम के अधिकारी राहनीनाला के समीप भूमिगत केबल के क्षतिग्रस्त होने का बहाना कर रहे हैं। वहीं कोकसर केंद्र की लाइन सिस्सू और केलांग से जुड़ी है। बीएसएनएल के एसडीओ शामलाल के अनुसार कोकसर स्थित मोबाइल टॉवर में कार्ड जलने से दिक्कत आ रही है। कुछ दिनों से उनकी टीम कोकसर एक्सचेंज को ठीक करने के लिए प्रयासरत है। कुल्लू से हेलीकाप्टर के माध्यम से नया कार्ड मंगवाया है। जैसे ही कार्ड पहुंच जाएगा। मोबाइल सेवा बहाल कर दी जाएगी।