कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में वरिष्ठ नागरिकों के लिए शीघ्र ही डे केयर सेंटर भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे वरिष्ठ नागरिक वहां अच्छा समय व्यतीत कर सकें। वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं को लेकर शनिवार को बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त युनूस ने नगर परिषद कुल्लू के अधिकारियों को 15 मार्च से पहले डे केयर सेंटर भवन के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उक्त भवन के लिए पांच लाख रुपये का प्रावधान करने की घोषणा की। वहीं वरिष्ठ महिला नागरिकों के लिए भी डे केयर सेंटर खोला जाएगा। इसके अलावा मनाली में भी एक माह के भीतर डे केयर सेंटर खोला जाएगा। सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई सुविधाएं प्रदान की हैं। एचआरटीसी की बसों में वरिष्ठ नागरिकों को पचास किलोमीटर के दायरे में किराये में बीस प्रतिशत छूट दी जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि निजी बसों में भी किराये में छूट दिलाने का मामला प्रदेश सरकार के ध्यान में लाया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर माह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। ढालपुर के आस-पास वरिष्ठ नागरिकों के लिए पार्क बनाने को भी प्राथमिकता दी जाएगी जिसके लिए लोगों से उपयुक्त सुझाव लिए जाएंगे।
उपायुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को ऑटो रिक्शा और निजी बसों में मनमाने किराये की वसूली रोकने के लिए औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से विभिन्न सरकारी और सामाजिक कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की। बैठक में आरटीओ डॉ. सुरेश जसवाल, सीएमओ डॉ. सुशील चंद्र, कार्यकारी जिला कल्याण अधिकारी जीएल शर्मा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।