खराहल (कुल्लू)। जिला कुल्लू के सैकड़ों किसान शनिवार को प्रदेश किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी की अगुवाई में जिला उपायुक्त से फसल बीमा भुगतान के बारे में मिले। किसानों के अनुसार जिला कुल्लू में डेढ़ वर्ष पूर्व टमाटर और मक्की फसल का बीमा सैकड़ों किसानों ने किया है, लेकिन डेढ़ साल बाद भी किसानों का फसल बीमा भुगतान लटका पड़ा है।
ऐसे में समय पर बीमा का भुगतान न होने से सैकड़ों किसान मायूस हैं। इस संबंध में शनिवार को घाटी के सैकड़ों किसान ने केंद्रीय कृषि मंत्री को ज्ञापन डीसी के माध्यम से भेजा। उपायुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया है कि संबंधित विभाग व बैंक के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी, प्रेम चंद, नारायण महंत, रेवत राम, लाल चंद, गौरव, गाहर पंचायत के पूर्व प्रधान ठाकर चंद कोटिया, बेली राम, सिकंदर, जीवान्द, देवराज ठाकुर और अन्य ने बताया कि जुलाई 2016 में कृषि विभाग के तहत एक बैंक के माध्यम से टमाटर और मक्की फसल का बीमा करवाया था। प्रति बीघा प्रीमियम चार सौ रुपये अदा किया था। जिला कुल्लू के सैकड़ों किसान अपने भुगतान के लिए विभाग के कार्यालय में कई बार चक्कर लगा चुके हैं। संबंधित बैंक इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। किसानों ने प्रशासन और विभाग जल्द भुगतान करने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो अब किसान सड़क पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे।