सैंज (कुल्लू)। क्षेत्र की रैला और रैला-दो पंचायत के 840 किसान दो दशक से मुआवजे की आस लगाए बैठे हैं। पार्वती जलविद्युत परियोजना निर्माण के दौरान उनकी फसलें और उपजाऊ भूमि प्रभावित हुई। परियोजना में बिजली बनना भी शुरू हो गई लेकिन राहत की रकम किसानों तक नहीं पहुंच पाई है।
वर्ष 2006 से 2011 के दौरान एनएचपीसी की परियोजना का निर्माण किया गया। किसानों का आरोप है कि परियोजना निर्माण के दौरान धूल, मलबे और प्रदूषण से उनकी उपजाऊ जमीन और फसलें लगातार प्रभावित हुईं।
नियमानुसार मुआवजा मिलना था लेकिन फाइलें वर्षों से आगे नहीं बढ़ीं। इस कारण खेती पर निर्भर परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान लुदर सिंह, प्रीतम सिंह, रूम सिंह, तेज राम, जोगिंद्र सोनी, झावे राम, हरि सिंह धामी, टीकम राम और सुखदयाल ने बताया कि उन्होंने कई बार एनएचपीसी के अधिकारियों और प्रशासन से गुहार लगाई लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला।
उनका कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
पार्वती परियोजना का निर्माण वर्ष 2002 में शुरू हुआ था और 2006 से 2011 के बीच कार्य तेज गति से चला। इसी दौरान प्रदूषण और निर्माण गतिविधियों से पंचायत के किसानों की फसलें बर्बाद हुईं लेकिन दो दशक बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला। हरी सिंह धामी, स्थानीय निवासी
दो दशक से पंचायत के किसानों को इसका मुआवजा नहीं मिला है, ऐसे में प्रशासन और एनएचपीसी प्रबंधन से आग्रह है कि इसको लेकर उचित कदम उठाए जाए और किसानों को राहत दी जाए। प्रेम सिंह पालसरा स्थानीय निवासी
परियोजना प्रभावित किसानों की फसल मुआवजे से जुड़ा वर्षों पुराना मामला प्राथमिकता से निपटाया जाएगा। इस संबंध में एनएचपीसी प्रबंधन के साथ बैठक भी हो चुकी है और लंबित दावों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पंकज शर्मा, उपमंडलाधिकारी बंजार
क्षेत्र के प्रभावित किसानों का 1.62 करोड़ रुपये का मुआवजा जिला प्रशासन के पास जमा कर दिया गया है। अब उसके आवंटन का कार्य प्रशासन ने करना है। -रंजीत सिंह, परियोजना प्रमुख, पार्वती जल विद्युत चरण-दो
परियोजना रोशन... किसानों के हिस्से आया अंधेरा