विंटर कार्निवाल पर मनाली में बढ़ी पर्यटकों की संख्या
60 फीसदी तक पैक चल रहे पर्यटन नगरी मनाली के होटल
शरदोत्सव को लेकर कई पर्यटकों ने बदला शेड्यूल
रतन कटोच
मनाली (कुल्लू)। कई वर्ष बाद विंटर कार्निवाल मनाली सैलानियों को आकर्षित करने में कामयाब रहा है। मनाली में इस साल कार्निवाल में 60 फीसदी तक होटल पैक चल रहे हैं। पर्यटकों की भारी भीड़ से कारोबारी गदगद हैं। होटलियर मनाली में पर्यटकों की भीड़ को विंटर सीजन के लिए अच्छा संकेत मान रहे हैं।
अमूमन विंटर कार्निवाल मनाली में पर्यटकों की संख्या कम देखने को मिलती है। पर्यटन कारोबार में बढ़ोतरी का मुख्य कारण कार्निवाल का सफल आयोजन और कार्निवाल कमेटी की ओर से किए प्रचार और प्रसार को माना जा रहा है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने बताया कि पिछले साल जुलाई के बाद मनाली में पर्यटन कारोबार काफी कम चल रहा था। इसके चलते पर्यटन से जुड़े लोगों को काफी नुकसान झेलना पड़ा। क्रिसमस और न्यू इयर ईव के बाद से मनाली में पर्यटकों की संख्या में एकाएक वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि कार्निवाल को देखते हुए कई पर्यटकों ने अपने शेडयूल में बदलाब भी किया है। दिल्ली से आए पर्यटक सुशील वर्मा, शीला वर्मा, अंकित, प्रतिज्ञा और नेहा ने बताया कि वे मनाली न्यू ईयर मनाने के लिए आए थे। यहां आ कर पता चला कि कार्निवाल का आयोजन हो रहा है तो उन्होंने कुछ दिन और रुकने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान पूरे देश की कला और संस्कृति को एक ही छत के नीचे देखने का मौका मिला। उधर, एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि इस बार कार्निवाल कमेटी ने हिमाचल से बाहर भी प्रचार व प्रसार किया है। इसके अलावा सोशल मीडिया में विंटर कार्निवाल का काफी प्रचार प्रसार हो रहा है।