अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। कुल्लू घाटी में सेब का सीजन शुरू होने से पहले व्यापारी बगीचों में खरीद फरोख्त के लिए पहुंचने शुरू हो गए हैं। जिला में इस बार सेब का उत्पादन काफी कम है। ऐसे में बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है। स्थानीय व्यापारियों के साथ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी के व्यापारियों और आढ़तियों ने घाटी में डेरा डाल दिया है।
अगले दो हफ्ते बाद जिला में सेब का सीजन शुरू हो जाएगा। इसके लिए बागवानों ने अभी से सेब सीजन को लेकर तैयारियां तेज कर कर दी हैं। बाहरी राज्यों के कामगार भी सेब सीजन के लिए कुल्लू पहुंचने के साथ-साथ बागवानों ने सेब कार्टन की भी खरीद शुरू कर दी है। सेब की खरीद के लिए सेब बगीचों में पहुंच रहे व्यापारी कहीं सेब की कीमत प्रति पेटी तो कहीं पूरे बगीचे की एक साथ बोली लगा रहे हैं। बागवान रमेश चंद, तिलक राज, उगम राम, भीम सिंह, बेली राम, अमर सिंह तथा तेजा सिंह ने कहा कि इस साल की फसल बहुत कम है। लेकिन सेब का आकार अच्छा होने से इसका रेट अच्छा मिलेगा। कहा कि सेब की खरीद के लिए व्यापारी घर द्वार दस्तक दे रहे हैं। सेब के व्यापारी दुनी चंद ठाकुर व ध्यान सिंह ने कहा कि इस साल सेब की पैदावार अपेक्षा से बहुत कम है और बागवानों में इसको लेकर मायूसी है। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राज कुमार शर्मा ने कहा कि मौसम की मार सेब की फसल पर भारी पड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले साल के मुकाबले सेब का उत्पादन कम है।