उमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। जिला मुख्यालय के साथ लगती पंचायत न्योली के गांव थरमाण और बराधा में तीन दिन से पेयजल की आपूर्ति नहीं हुई है। पिछले कुछ दिन से व्यवस्था में खामियों के चलते नलों में पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। ऐसे में लोगों को प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है।
प्राकृतिक जलस्रोतों में जल स्तर काफी कम हो चुका है। इससे लोगोेें को पानी भरने के लिए घंटों कतार में खडे़ रहना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में बारिश नहीं हुई तो पानी का संकट और गहरा सकता है। बताया जा रहा है कि उठाऊ पेयजल योजना का पंप खराब हो गया है। ऐसे में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं, लारी मनारी उठाऊ पेयजल योजना से इन गांवों को जोड़ना विभाग भूल ही गया है। इसका खामियाजा इलाके के सैकड़ों ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि तीन-चार दिन से पानी की सप्लाई नहीं आने से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। न्योली पंचायत की पूर्व प्रधान निर्मला ठाकुर, पूर्व वार्ड पंच जय चंद ठाकुर, ग्राम सुधार कमेटी थरमाण के प्रधान अनूप भंडारी, नवीन, मोहर सिंह, अमित, यशपाल राणा, संजीव, लता ठाकुर, राजेश, शेर सिंह आदि का कहना है कि गांव में तीन-चार दिन से पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। उन्होंने विभाग से लारी मनारी उठाऊ पेयजल योजना से आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में सिंचाई एवं स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता हरि प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि पेयजल का पंप खराब होने से समस्या पेश आई है। अब लारी मनारी से पाइप जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक दिन के बाद पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।