नग्गर में छेड़ेंगे स्वच्छता अभियान
नग्गर टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन ने की पहल
अमर उजाला ब्यूरो
नग्गर (कुल्लू)। ऐतिहासिक गांव नग्गर में अब स्वच्छता की दिशा में नई पहल होने जा रही है। यहां सालाना लाखों की संख्या में आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ एवं साफ सुथरा माहौल मिल सकेगा। स्थानीय नग्गर टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन ने गत दिनों स्थानीय विधायक एवं मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर को एक मांग पत्र सौंपा था, जिसमें पर्यटन स्थल नग्गर में जगह-जगह कूड़ा कचरे से निजात पाने तथा इसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की थी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संत कुमार, राजेंद्र कुमार, आदित्य, अमित और चंद्रशेखर ने कहा कि नग्गर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने की समस्या सालों से चल रही है। जिससे स्थानीय लोगों के साथ देश विदेश से सैर सपाटे को आने वाले सैलानियों को भी खासा परेशान होना पड़ रहा है। इसको लेकर मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने एसोसिएशन को आश्वासन दिया है कि उनकी मांग को प्राथमिकता के आधार पूरा किया जाएगा। नग्गर पंचायत की प्रधान सुषमा शर्मा ने कहा कि नग्गर टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा की गई इस पहल में पंचायत का भी पूरा सहयोग रहेगा। स्वच्छता को लेकर पंचायत भी लोगों, दुकानदारों व होटलियरों को जागरूक करेगा।