अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में रविवार को लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोहड़ी के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। ढोल के साथ सुंदर मुंदरिये तेरा कौन बेचारा लोहड़ी गीत गाया और लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं । जिला मुख्यालय स्थित लोअर ढालपुर, भुंतर, सरवरी, अखाड़ा बाजार में लोगों ने कड़ाके की ठंड के बीच लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया।
शहर के ढालपुर में लगी मार्केट में लोगों ने मूंगफली, गचक, रेवड़ी आदि की जमकर खरीदारी की। कई जगह पर लोहड़ी को मनाने के लिए लोगों ने खास इंतजाम किए हुए थे। शहरवासी राम सिंह, प्यारे चंद, तुलसी देवी, राम प्यारी, देवकला, छबीलू और रेवत ठाकुर ने कहा कि कुल्लू में मकर संक्रांति का आगाज लोहड़ी से ही होता है। जितना उत्साह लोगों में मकर संक्रांति को लेकर रहता है, उतना ही लोहड़ी को लेकर रहता है। उन्होंने कहा कि लोहड़ी को मनाने का कुल्लूवासियों का अपना अलग तरीका है। छोटे बच्चों में लोहड़ी मांगने को लेकर काफी उत्साह नजर आया। मनाली, भुंतर व बंजार में लोगों ने लोहड़ी पर्व मनाया।