इक अधिया मंगाई जा रे गाने पर खूब मचा धमाल
रमना भारती के नाम रही भुंतर मेले की आखिरी संध्या
हेमराज और उत्तम चंद कमांडों ने भी नचाए दर्शक
अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर में चल रहे चार दिवसीय मेले की आखिरी सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकार रमना भारती के नाम रही। रमना भारती ने पहाड़ी और बॉलीवुड गानों पर खूब धमाल मचाया। वहीं स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक संध्या में वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
संध्या के स्टार कलाकार रमना भारती ने हूंदो आये मिलदे शिमला रे, एक अधिया मंगाई जा रे, हौरी काटी काकड़ी, मैं जट यमला पगला दीवाना, रोहडू जाणा मेरी आमिये, ऐसा गरां दे लंबरा हो, जोथ डूबदी लागी, करी लेणी पहाड़ा री सैर, सुन मेरे जाना, सवेरे वाली गाड़ी से आदि गीत गाकर दर्शकों को खूब नचाया। दर्शकों ने रमना के गानों पर खूब ठुमके लगाए। महिला मंडल छोयल ने नाटी प्रस्तुत कर कुल्लवी संस्कृति से रूबरू करवाया।
प्रियंका ने तू लांग वे में लाची गाने पर डांस प्रस्तुत किया। सोनू म्यूजिकल ग्रुप, हरीश म्यूजिकल ग्रुप, सूत्रधार म्यूजिकल ग्रुप, अमन म्यूजिकल ग्रुप, मुकेश डांसिंग म्यूजिकल ग्रुप, नेगी म्यूजिकल ग्रुप जरी, प्रियंका डांसिंग ग्रुप, रजनीश म्यूजिकल ग्रुप, प्रेम म्यूजिकल ग्रुप, अर्पित चौहान म्यूजिकल ग्रुप, सनी म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी।
उत्तम चंद कमांडों ने दाह लागी दादुआ गीत गाकर खूब वाहवाही लूटी। हेमराज ने बदन पे सितारे लपेटे हुए, सुनीता भारद्वाज ने लग जा गले गीत गाकर दर्शकों को खूब मनोरंजन किया। इस दौरान नगर पंचायत प्रधान कर्ण सिंह, उप प्रधान नीना राणा, मेला समिति अध्यक्ष अजय किशोर, पार्षद ललित कुमारी आदि मौजूद रहे।