सड़क से नहीं जुड़ा पढ़ारनी गांव
कुर्सी या पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाए जा रहे मरीज
एक साल से सड़क निर्माण का काम भी अधर में अटका
अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। बंजार घाटी की ग्राम पंचायत चकुरठा का पढ़ारनी गांव आज तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। लोगों को आज भी दो से तीन घंटे का पैदल सफर कर सड़क तक पहुंचना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को तब आती है जब कोई बीमार हो जाता है। उन्हें सड़क तक पहुंचाने के लिए पीठ पर या फिर कुर्सी में उठाकर लाना पड़ता है। पंचायत के चकुरठा के पढ़ारनी और शौला आदि गांवों तक सड़क सुविधा नहीं है।
मंगलवार को भी गांव के 48 वर्षीय गुमत राम को कुर्सी में बैठाकर सड़क तक पहुंचाया गया जहां उसे 108 एंबुलेंस से बंजार अस्पताल पहुंचाया गया। पढ़ारनी के रहने वाले गुमत राम गिरने से घायल हो गए हैं। वहीं स्कूल छात्र भिखम सिंह भी पैर फिसलने से घायल हुआ है जिसे पीठ पर उठा कर सड़क तक लाया गया है। पंचायत के लोगों का कहना है कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान पूर्व मंत्री कर्ण सिंह ने कंडी से पढ़ारनी के लिए लाडा की राशि से सड़क निर्माण शुरू करवाया था लेकिन ठेकेदार की मशीन एक साल से सड़क में खराब पड़ी है और सड़क का काम भी अटका पड़ा है।
इस संबंध में ग्रामीण राजकुमार, केशव राम, हेम राज पालसरा, प्रेम सिंह, बलदेव सिंह, किशन सिंह, गोकल चंद, उप प्रधान बलवीर, हीरा लाल, ज्ञान चंद पालसरा और प्रेम सिंह का कहना है कि पढ़ारनी गांव को दलियाड़ से पढ़ारनी के लिए सड़क सुविधा से जोड़ा जाए जिससे समय पर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिल पाए। लोनिवि लारजी के सहायक अभियंता टहल सिंह शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।