कुल्लू। अब जिले के युवा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुल्लू में टूरिज्म विषय में पीजी कोर्स कर सकेंगे। कुल्लू जिला में पर्यटन की अपार संभावनाओं के मद्देनजर युवा इस कोर्स से काफी लाभान्वित होंगे। इसकी घोषणा रविवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने की।
वह महाविद्यालय कुल्लू के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। समारोह में वन, परिवहन एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कुल्लू कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए अगले सत्र से गणित, राजनीतिक शास्त्र और इतिहास में भी स्नातकोत्तर कक्षाएं आरंभ की जाएंगी। कॉलेज के खाली पड़े पदों को भी जल्द भरा जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि बच्चों व युवाओं के मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास के साथ-साथ उन्हें देश व समाज के प्रति उनके दायित्वों और भारत की समृद्ध संस्कृति से भी अवगत करवाया जाना चाहिए। युवा पीढ़ी में नशे की बढ़ती प्रवृति का कड़ा संज्ञान लेते हुए भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थी और शिक्षक स्वयं आगे आकर इस बुराई को पूरी तरह खत्म कर सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी।
इस मौके पर प्रधानाचार्य डा. नंदलाल शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की। केंद्रीय छात्र संघ की अध्यक्ष पूर्णिमा ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में बंजार के विधायक सुरेेंद्र शौरी, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, भाजपा नेता युवराज बौद्ध, जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कुलवंत पठानिया और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
कुल्लवी नाटी ने बटोरीं खूब तालियां
छात्र-छात्राओं की कुल्लवी नाटी सबसे आकर्षक रही। विद्यार्थियों ने फिल्मी गानों पर डांस और कथक आदि की भी प्रस्तुति दी।
शिक्षा मंत्री ने इन विद्यार्थियों को किया सम्मानित
अंकित, रवि मेहता, ऋतिका, सलमा, चंद्रा, गुलशन, चुनी लाल, चरणजीत, नीना, जावित्री, सुनीता, साक्षी, आरती, लक्ष्मी, कंचन, झाबे राम, दिव्या, दीक्षा, ऋतु, पद्म देव, रवीना कुमारी, शौकत अली, श्वेता, पूनम, होतम राम, शालिनी ठाकुर, यशवंत, चांदनी गुलेरिया, अभिषेक कुमार, सुकन्या शर्मा, आरती शर्मा, मनोज कुमार, मनीषा, अदिती कूपर, अजय कुमार, इंद्रजीत, दीपक, विपुल कश्यप, रमन सिंह, पासंग, भूपेंद्र राज, भीम सिंह, गुरुदत्त, रक्षिता, पिंकी, सुनैना, नम्रता शर्मा, प्रियंका, भाग दासी, अमित ठाकुर समेत करीब 300 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।