कुल्लू। वसंत पंचमी एवं मां सरस्वती के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में कुल्लू में श्याम संगीत सम्मेलन समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष डॉ सूरत ठाकर की अध्यक्षता में हुई। जिसमें स्व प्रो श्याम लाल ठाकुर की 88वीं जयंती पर 7 फरवरी को होने वाले शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। शास्त्रीय संगीत की इस संध्या के मुख्य अतिथि हैवन ग्रुप के चेयरमैन जितेंद्र ठाकुर होंगे।
समिति के अध्यक्ष डॉ सूरत ठाकुर ने बताया कि देवसदन कुल्लू में होने वाले इस कार्यक्रम में देश के प्रथम श्रेणी के कलाकार स्वरों का रंग बिखेरेंगे। इसमें प्रमुख कलाकारों में देश की प्रसिद्ध गायिका एवं पद्मविभूषण से सम्मानित स्व गिरिजा देवी की शिष्य सुनंदा शर्मा गायन प्रस्तुत करेंगी।
इसके अतिरिक्त आकाशवाणी और दूरदर्शन के विख्यात कलाकार लोकेश आनंद शहनाई पर शास्त्रीय रागों की धुनों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। तबले पर बनारस के शैलेंद्र मिश्रा एवं जय शंकर मिश्रा तथा हारमोनियम पर सुमित मिश्रा इनका साथ देंगे। सूरत ठाकुर ने बताया कि श्याम संगीत सम्मेलन समिति पिछले 17 वर्षों से हर वर्ष प्रो श्याम लाल ठाकुर की जयंती पर शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन करती आ रही हैं। जिसमें अब तक देश के ख्यातिप्राप्त शास्त्रीय संगीत के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष पंडित विद्यासागर, महासचिव अच्छर सिंह ठाकुर, वित्त सचिव निशांत गौतम, कार्यकारिणी सदस्य मंजू बाला, कैलाश ठाकुर, कृष्ण गोपाल चनौरिया और प्रखर आदि मौजूद रहे।