सड़क बनी पर बस सुविधा नहीं मिली
सैंज की दो पंचायतों को तीन साल से बस का इंतजार
पांच करोड़ से विद्युत परियोजना ने बनाई है सड़क
संजीव कुमार
सैंज (कुल्लू)। ग्राम पंचायत देहुरीधार और शैंशर के बाशिंदों को तीन साल से बस का इंतजार है। साढ़े पांच करोड़ से बनी 12 किलोमीटर जंगला-धारठा पर लोगों को आज तक बस की सुविधा नहीं मिल पाई है। ऐसे में पंचायत देहुरीधार और शैंशर के लोग दोगुना किराया खर्च कर टैक्सियों में सफर करने को मजबूर हैं।
सैंज दौरे पर आए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सड़क को लोकनिर्माण विभाग के अधीन व सड़क पर बस चलाने की घोषणा कर दी है, लेकिन सड़क को अभी लोक निर्माण विभाग के अधीन नहीं किया है। जिससे दर्जनों गांव के लोगों को बस सुविधा से वंचित होना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने मामले को लेकर कई बार नेताओं को सामने उठाया, लेकिन अभी तक राजनेता मामला सुलझाने में असफल साबित हुए हैं। सड़क से दो पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग प्रतिदिन छोटी गाड़ियों में सफर करते हैं।
स्थानीय निवासी शेर सिंह, हरफी राम, चुन्नी लाल, हीरा सिंह, रोशन लाल, दुनी चंद, लगन चंद, दिले राम, भाग सिंह, गुमत राम, लाल चंद, किशोरी लाल, रामलाल, जय सिंह, निमत राम, फते सिंह, डोला सिंह, रूम चंद, उदय सिंह, नरोत्तम लाल, ओम दत्त, चेत राम, खीमी राम, खूब राम, तिलक राज, किसन चंद, राजकुमार, मिने राम, तुलसी राम, प्रमोद कुमार और जगदीश सिंह ने कहा कि 12 किलोमीटर सफर के लिए छोटी गाड़ी वाले 1200 तक का किराया वसूल रहे हैं। जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। चुनावों के दौरान यहां के लोग स्थानीय नेताओं से यही सवाल पूछ रहे हैं। आखिर कब इस सड़क पर लोगों को बस की सुविधा मिलेगी।
बंजार विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह के अनुसार सत्ता आते ही जल्द ही सड़क को लोनिवि के अधीन कर दिया जाएगा और जल्द ही सड़क पर बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। जिससे स्थानीय जनता को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
बंजार से भाजपा के प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सरकार बनने के बाद सड़क को लोनिवि के अधीन इस पर बस सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। अधूरे कार्यों को भी पूरा किया जाएगा।