मनाली/नग्गर। मनाली विधानसभा क्षेत्र में सड़क ढांचे को मजबूत करने और बरसात के दौरान होने वाले नुकसान से राहत दिलाने के लिए 5.58 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। स्टेट डिजास्टर मिटिगेशन फंड (एसडीएमएफ) के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं में जाणा-कोटाधार सड़क का सुधार और मनाली क्लब हाउस से पलचान सड़क तक बाढ़ नियंत्रण कार्य शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने बाढ़ नियंत्रण परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में 1.67 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जबकि जाणा-कोटाधार सड़क के सुधार और रखरखाव के लिए 98.82 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि मनाली क्लब हाउस से पलचान सड़क तक बाढ़ नियंत्रण कार्यों पर 4.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बरसात के दौरान ब्यास का जलस्तर बढ़ने से इस मार्ग को हर साल नुकसान पहुंचता है। परियोजना के तहत संवेदनशील स्थानों पर ढलान स्थिरीकरण और रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क को बाढ़ से होने वाले नुकसान से बचाने और यातायात सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
वहीं, नग्गर-नथान-जाणा-बिजली महादेव सड़क पर जाणा से कोटाधार तक के हिस्से के सुधार और रखरखाव के लिए 98 लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे सड़क की हालत सुधरेगी और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवाजाही में सुविधा मिलेगी। विधायक ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का कार्य लोक निर्माण विभाग के मनाली मंडल के माध्यम से करवाया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र के संवेदनशील सड़क मार्गों को मजबूती मिलेगी। साथ ही, बरसात के दौरान सड़कें क्षतिग्रस्त होने से होने वाली परेशानियों को कम करने और लोगों का सफर सुरक्षित व सुगम बनाने में मदद मिलेगी। संवाद