जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र में मेडिकल बोर्ड ने की दिव्यांगों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थित जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) में शनिवार को मेडिकल बोर्ड का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिव्यांगजनों की दिव्यांगता पात्रता की जांच की और दस्तावेजों का सत्यापन किया। अस्पताल में प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अप्रैल के अंतिम शनिवार को खराब मौसम के बीच 65 दिव्यांगजन पहुंचे। इनमें स्वास्थ्य खंड आनी, निरमंड और बंजार के दिव्यांगजन अधिक संख्या में कुल्लू अस्पताल पहुंचे, जबकि जरी और नग्गर ब्लॉक से संख्या कम रही।
दिव्यांगजनों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की और दस्तावेजों का सत्यापन किया। इसके बाद दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए पात्र दिव्यांगजनों को चयनित किया। मेडिकल बोर्ड में अस्पताल के 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दी हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने कहा कि 27 अप्रैल को 65 दिव्यांगजनों का मेडिकल बोर्ड में पंजीकरण किया गया है। पात्र दिव्यांगजनों की फाइल शिमला भेजी जाएगी। वहीं से प्रमाणपत्र जारी होंगे। संवाद