अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। गुरुकुल इंटर नेशनल स्कूल बंजार ने दुआला माता मंदिर के प्रांगण में वार्षिक समारोह व 9वां गुरुकुल सम्मान समारोह मनाया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना से समारोह का शुभारंभ किया। समारोह में एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। पीटीए अध्यक्ष कौशल्या देवी ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुरस्कार पाकर मेधावी छात्र और छात्राएं चहक उठे।
विद्यालय की मुख्य अध्यापिका पूजा पुरोहित ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि नशा जीवन को समाप्त करता है। नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने एकल गीत, एकल नृत्य, डांडिया, नाटक, फैशन, स्टंट, पहाड़ी नाटी व फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने गिरधारी लाल शर्मा व हीरा लाल शर्मा को नशा छोड़ने पर सम्मानित किया। समारोह के दौरान एसपी कुल्लू व पीटीए के सदस्यों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। इनमें शीतल, भीम सेन, एश्वर्या, भीष्म, अनामिका, आर्यन, धनेश्वर, साक्षी, गुनगुन, छाया, सोनिया, राधव, यश, तानिया, मन्नत शामिल रहे। समारोह में विद्यालय के एमडी मणी लाल पुरोहित, पीटीए उप प्रधान पवन, सचिव मीना, सह सचिव रचना शर्मा, कोषाध्यक्ष राज कुमारी, हुकम चंद, चेतन गांधी, राम कृष्ण, शांता देवी, वंदना व अन्य मौजूद रहे।