कटराईं में बनेगा इंडोर स्टेडियम
बंदरोल से मनाली तक सीएम ने कई परियोजनाओं का रखा नींवपत्थर
दस लाख की घोषणा, चरणबद्घ तरीके से मिलेगी अतिरिक्त सहायता
अमर उजाला ब्यूरो
कटराईं (कुल्लू)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार जल्द ही कटराईं स्कूल परिसर में मुक्केबाजी और टेबल टेनिस जैसे विभिन्न खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए इंडोर स्टेडियम का निर्माण करेगी। जिससे क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं मिल सकेगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटराईं में 40वें जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता सीएम जयराम ठाकुर ने की। सीएम ने इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की तथा कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से अतिरिक्त सहायता प्रदान करेगी। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल बुनियादी ढांचे को बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने इस टूर्नामेंट के सुचारु संचालन के लिए 1 लाख और स्टेट बास्केटबॉल एसोसिएशन के लिए 51 हजार रुपये की घोषणा की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 9.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली ग्राम पंचायत बंदरोल, जिंदौर, बवेली और सरसाड़ी में उठाऊ सिंचाई योजना की आधारशिला रखीं और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायसन में 2.23 करोड़ रुपये से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने पतलीकूहल में 77.32 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर विभिन्न स्कूली छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बास्केटबॉल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 27 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान वन व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक आनी किशोरी लाल सागर, विधायक बंजार सुरेंद्र शौरी, भाजपा मंडलाध्यक्ष मनाली दुर्गा सिंह, महामंत्री अखिलेश कपूर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री और अन्य मौजूद रहे।
सीएम ने जारी किया वृत्तचित्र
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को कुल्लू दशहरा महोत्सव समिति कुल्लू द्वारा बनाए गए दशहरा सम्मिट ऑफ कल्चर नामक वृत्तचित्र जारी किया। यह वृत्तचित्र अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की समृद्ध संस्कृति और इतिहास को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।