पुलिस ने कुल्लू-मनाली हाईवे तीन पर 16 मील में धरे आरोपी
केस दर्ज, आरोपियों के फोन की डिटेल भी खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम ने कुल्लू-मनाली हाईवे तीन पर 16 मील में नाके पर हरियाणा के दो युवकों से 58 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पतलीकूहल पुलिस ने 16 मील के बाद एक होंडा वाहन को जांच के लिए रोका। इस दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों से 58 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान गुरदीप कुमार (28) निवासी, डाकघर लाहा तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला, हरियाणा और हैपी (35) निवासी, डाकघर लखनौरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला हरियाणा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना पतलीकूहल में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। एसपी डॉ. कार्तिकेयन ने कहा कि चिट्टा तस्करी और नशा की खरीद-फरोख्त से संबंधित नेटवर्क में संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपियों के फोन की डिटेल भी खंगाल रही है। संवाद