अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/मनाली। रोहतांग दर्रा से यातायात को बहाल करने के लिए सीमा सड़क संगठन ने बुधवार दोपहर से कार्य आरंभ कर दिया है। रोहतांग पास के दोनों तरफ मढ़ी और कोकसर से चार-चार मशीनें तैनात की गई हैं।
38 बीआरटीएफ के टूआईसी जयपाल ने बताया कि उन्हें बुधवार को ही रोहतांग से बर्फ हटाने के आदेश प्राप्त हुए हैं। इस पर अमल करते हुए दोनों ओर से बर्फ हटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मढ़ी की ओर से रोहतांग पास से सात किलोमीटर पीछे तक बर्फ हटा दी गई है। बीआरओ ने उम्मीद जाहिर की है कि शुक्रवार तक रोहतांग पास यातायात के लिए खुल जाएगा। उधर, जिलाधीश यूनुस ने बताया कि इस संबंध में कुल्लू जिला प्रशासन लगातार सीमा सड़क संगठन के संपर्क में है और लाहौल-स्पीति के लोगों की सुविधा के लिए जल्द ही रोहतांग दर्रे को खोल दिया जाएगा। सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को रोहतांग दर्रे को अतिशीघ्र बहाल करने के लिए कहा गया है। जिलाधीश ने कहा कि कुल्लू-मनाली में रुके लाहौलवासियों को रोहतांग के संबंध में अगर कोई समस्या आ रही है तो वे मनाली के एसडीएम कार्यालय के दूरभाष नंबर 01902-254100 पर संपर्क करें। उन्होंने बताया कि मढ़ी में बचाव चौकी स्थापित की गई है। अगर कोई व्यक्ति रोहतांग को पैदल पार करना चाहता है तो वह बचाव चौकी में अवश्य अपना पंजीकरण करवाए। खराब मौसम में रोहतांग को पैदल पार करने की कोशिश न करें और किसी भी तरह की आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टॉल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें।