अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। ग्राम पंचायत बलागाड़ के तहत भूमार गांव के साथ लगते नागानाल में एक ढाई मंजिला गोशाला जलकर राख हो गई, जिससे करीब तीन लाख का नुकसान हो गया है। 15 अक्तूबर रात करीब 11 बजे आग लगने के कारण गांव में अफरातफरी मच गई।
बलागाड़ पंचायत के प्रधान मान सिंह ने बताया कि भूमार गांव के बलवीर सिंह पुत्र टेक राम तथा लजे राम पुत्र प्यारे राम की संयुक्त गोशाला में अचानक आग लग गई। इसमें घास व पशुओं को रखा गया था। मुश्किल से यहां रखे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। अन्य रिहायशी मकानों को आग से बचाया गया। पटवारी ने आग की घटना में करीब तीन लाख रुपये नुकसान का आकलन किया है। तहसीलदार बंजार विपिन शर्मा ने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित लोगों को नियम अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।