हादसों से नहीं लिया सबक, बसों
में ठूंस-ठूंस कर भरी जा रही सवारियां
पाहनाला रूट में ओवरलोडिंग से कभी हो सकता है हादसा
निगम की बस में डाली जा रही है 80 से अधिक सवारियां
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। प्रदेश में ओवरलोडिंग और हादसों से परिवहन निगम ने अभी तक सबक नहीं लिया है। परिवहन निगम की बसों में सवारियां ठूंस-ठूंस कर भरी जा रही है। सुबह और शाम के समय चलने वाली एचआरटीसी की बस में 80 से अधिक सवारियां बिठाई जा रही हैं। बस में खड़े रहने तक की जगह नहीं हो पा रही है। ऐसे में यहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पाहनाला रूट पर अतिरिक्त बस नहीं चलाए जाने को लेकर स्थान जनता में खासा रोष है। स्थानीय निवासी चेत राम, दिनेश कुमार, काकू, विनय कुमार, वीर सिंह, दीपी सिंह, प्रेम लाल, जोगू राम, राजू और सोनी के अनुसार सुबह पाहनाला से सवा आठ बजे कुल्लू आने वाली और शाम को कुल्लू से सवा चार बजे पाहनाला जाने वाली निगम की बस में अधिकतर स्कूली बच्चे सफर करते हैं। बसों में सवारियां इतनी अधिक बिठाई जाती हैं कि बस में तिल धरने की जगह नहीं होती। कई बार स्थानीय लोगों ने एक अतिरिक्त बस चलाने की मांग की है। लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण बस में कभी भी हादसा पेश आ सकता है। उन्होंने रूट पर अतिरिक्त बस चलाने की मांग की है। जिससे स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को सफर करने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। इधर, इस संबंध में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवेंद्र कुमार नारंग ने कहा कि पाहनाला रूट पर अतिरिक्त बस चलाने के लिए डिमांड भेजी गई है। अभी इसकी नोटिफिकेशन नहीं हुई है। परमिट मिलने के बाद रूट पर अतिरिक्त बस चलाई जाएगी।