छात्रा आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता
परीक्षा सही न होने की जताई जा रही आशंका
पुलिस मामले की गहनता से कर रही जांच : एसपी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय के अखाड़ा बाजार में छठी कक्षा की छात्रा द्वारा फंदा लगाकर जान देने के मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में छात्रा की परीक्षा सही न होने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में परिजनों और अन्य से पूछताछ भी की गई। छात्रा के इस कदम से हर कोई स्तब्ध है।
छात्रा का शव क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने यह केस मंडी के लिए रेफर कर दिया। मंडी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। अखाड़ा बाजार में एक छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने बुधवार शाम अचानक घर में अकेले होते हुए दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। दो दिनों में लाहौल घाटी और कुल्लू जिले में आत्महत्या के मामले बढ़ने से हड़कंप मचा हुआ है। लाहौल घाटी में एक महिला ने चंद्राभागा नदी में छलांग लगा दी। जबकि, बरशैणी में एक नेपाली ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। इधर, एसएचओ सदर अशोक ने बताया कि छात्रा आत्महत्या मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। वहीं, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि छात्रा की परीक्षा सही न होने की आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस की जांच जारी है।