परीक्षा केंद्र में नकल के
साथ पकड़े छह विद्यार्थी
थरास, गड़सा स्कूल में निरीक्षण विंग ने की छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड वार्षिक परीक्षाओं में नकल पर शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग ने शिकंजा कस दिया है। निरीक्षण विंग ने शनिवार को नकल के साथ छह विद्यार्थी धरे हैं। स्कूल में निरीक्षण विंग की दबिश से हड़कंप मच गया। सभी विद्यार्थियों का यूएमसी बनाकर स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेज दिया गया है।
शनिवार को शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गड़सा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थरास के परीक्षा केंद्रों में दबिश दी। दोनों स्कूल के परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए थे। अध्यापक भी मुस्तैदी से ड्यूटी दे रहे थे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गड़सा में शक के आधार पर जब तीन विद्यार्थियों की तलाशी ली गई तो उनके पास जेब में नकल सामग्री बरामद हुई। जिसके बाद उक्त विद्यार्थियों का यूएमसी केस बनाया गया। इसके बाद वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थरास में जब निरीक्षण विंग के दल ने दस्तक दी तो यहां तीन विद्यार्थियों के पास नकल सामग्री पाई गई। इनका यूएमसी बनाकर स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेजा गया। शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग उपनिदेशक बलवंत सिंह ठाकुर ने कहा कि गड़सा और थरास में छह विद्यार्थियों के पास जेब में नकल सामग्री पाई गई है। नकल पर शिकंजा कसने के लिए टीम प्रतिदिन दो स्कूलों का निरीक्षण कर रही है। आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।