कुल्लू। प्रदेश सरकार की ओर से बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार से जोड़ने के लिए चलाई गई बेरोजगार भत्ता योजना का लाभ युवाओं को नहीं मिल पाया है। बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन करने के करीब तीन माह बाद भी प्रदेश सरकार युवाओं को बेरोजगार भत्ता नहीं दे पाई है। जिला कुल्लू में बंजार, मनाली, कुल्लू, आनी, निरमंड से अब तक 1260 युवाओं ने बेरोजगार भत्ते के लिए आवेदन किया है। आवेदनों की पूरी जांच के लिए 1260 युवाओं को पहले चरण में बेरोजगार भत्ता दिया जाना है। हालांकि, प्रदेश सरकार ने बेरोजगार भत्ते के लिए हर जिले को 5 करोड़ की राशि का प्रावधान भी किया है। इसके तहत जिला कुल्लू को पांच करोड़ का बजट जारी किया गया है। लेकिन, अभी तक भत्ते को देने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बेरोजगार भत्ता दिए जाने को लेकर अभी तक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। लेकिन, अब रोजगार विभाग ने इसका सॉफ्टवेयर तैयार कर दिया है। सॉफ्टवेयर तैयार होने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि करीब दो सप्ताह के बाद इन युवाओं को बेरोजगार भत्ता दिया जाएगा। वहीं, बेरोजगार भत्ता मिलने के बाद सैकड़ों युवाओं को राहत मिलेगी, जिन्होंने रोजगार कार्यालय में भत्ते के लिए आवेदन कर रखा है।
इस संबंध में जिला रोजगार अधिकारी अनिल चंदेल ने कहा कि जिले के 1260 युवाओं ने बेरोजगार भत्ते के लिए आवेदन किया है। विभाग का सॉफ्टवेयर अपडेट हो गया है। करीब दो सप्ताह के बाद आवेदन किए गए युवाओं को बेरोजगार भत्ता मिलना शुरू हो जाएगा।