कुल्लू। शहर के 50 उपभोक्ता पानी के बिल अदा नहीं कर रहे हैं। जल शक्ति विभाग ने इन उपभोक्ताओं को नोटिस देकर बिल अदा करने के लिए कहा है, लेकिन उपभोक्ता पानी के बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। इन उपभोक्ताओं के पास जल शक्ति विभाग की सात लाख रुपये से अधिक राशि बकाया है। उपभोक्ताओं के पास पांच हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक बिल की बकाया राशि फंसी हुई है।
लंबे समय से बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं को पत्र भेजकर सूचित किया गया है कि वे लोक अदालत में बकाया बिल राशि के मामले को निपटारा कर सकते हैं। गौर रहे कि 13 मई को जिला में लोक अदालत होगी। इसमें पानी के बिल के मामले भी लिए गए हैं। लोक अदालत में पानी के बिल के मामलों का निपटारा किया जाएगा। जल शक्ति विभाग को उम्मीद है कि इन उपभोक्ताओं के पास लंबित राशि को लेने में कामयाबी मिलेगी।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अंकित विष्ट ने कहा कि 50 उपभोक्ता पानी का बिल अदा नहीं कर रहे हैं, जबकि नोटिस देकर उन्हें पानी का बिल अदा करने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं के पास विभाग की बकाया राशि है। लोक अदालत में भी इनके पास बकाया राशि का निपटारा करने का विकल्प रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि बकाया बिलों का समय पुर भुगतान करें, ताकि पेयजल आपूर्ति में किसी तरह की रुकावट न आए।