विधायक सुंदर ने की अध्यक्षता, कार्यक्रम में सुनी गईं 62 शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। गड़सा पंचायत में शुक्रवार को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम हुआ। इसकी अध्यक्षता सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने की। इस दौरान 62 शिकायतें सुनी गईं। इनमें 50 का मौके पर निपटारा किया गया।
शेष समस्याओं को संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम में गड़सा, भलान-एक, हुरला, ज्येष्ठा, पारली एवं दियार पंचायतों के लोगों ने समस्याएं रखीं।
विधायक ने कहा कि सरकार गांव के द्वार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता को त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह शासन उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। पेयजल, सिंचाई, विद्युत, सड़क, राजस्व एवं जनहित से जुड़े सभी मामलों के निपटारे में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग सुनिश्चित करें कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका धरातल पर प्रभाव दिखाई दे। कार्यक्रम में आई समस्या का शत-प्रतिशत समाधान किया जाएगा। उसके क्रियान्वयन की निरंतर समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का शुभारंभ भी किया। एपीएमसी कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष मियां राम सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। इस दौरान उपायुक्त तोरुल एस रवीश, पुलिस अधीक्षक मदन लाल, अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, उप मंडलीय दंडाधिकारी निशांत ठाकुर, घनश्याम शर्मा, चंद्रकेश, खेम राज, राजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।