अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगती पीज पंचायत की भूमि पर प्रस्तावित कूड़ा संयंत्र को लेकर ग्रामीणों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीज पंचायत के दर्जनों लोग मंगलवार को समस्या को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि कूड़ा संयंत्र को यहां पर कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अगर इसके बावजूद ग्रामीणों की मांग की अनदेखी की गई तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पंचायत के नुमाइंदों पर भी सवालिया निशान लगा दिया है कि आखिर पंचायत में जनरल हाउस पास किए बगैर ही कैसे कूड़ा संयंत्र को लगाने की अनुमति प्रदान की गई। जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर ने कहा कि जिला मुख्यालय के पास इस तरह के कूड़ा संयंत्र के लिए भूमि का चयन करना उचित नहीं है। इससे यहां के लोगों का जीना मुश्किल हो जाएगा। अगर प्रशासन ने यहां कूड़ा संयंत्र लगाया तो सभी ग्रामीण लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इसके साथ लोग सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेंगे। हालांकि उपायुक्त ने इस मामले विचार करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान पुष्पा देवी, परीक्षा देवी, रजनी देवी, निर्जला देवी, स्नेहलता, भीमा देवी, मधु, मथुरा, ऊषा ठाकुर, पुष्पा, देवकला, इंद्रा देवी, प्रेमलता, राजीव शर्मा, अश्वनी कुमार, भूपिंद्र सिंह, सुरेश कुमार, हरीश कुमार, कुशाल सिंह, उत्तम सिंह, रमेश कुमार, मनोहर लाल, राकेश कुमार, कमल किशोर, बलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।