अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव की आधिकारिक घोषणा के बाद जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ करीब एक माह के लिए ग्रामीणों क्षेत्रों में विकास की रफ्तार थम गई है। चालू कार्यों पर इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा। लेकिन नए विकास कार्य शुरू नहीं हो पाएंगे।
पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव होने के कारण आदर्श आचार संहिता शहरी इलाकों में लागू नहीं होगी। कुल्लू जिला के शहरी इलाकों में नगर परिषद कुल्लू व मनाली, नगर पंचायत भुंतर व बंजार में आदर्श आचार संहिता की छूट रहेगी। यहां जारी व नए विकास कार्यों पर कोई असर नहीं होगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में एक माह के लिए नए विकास कार्य पर विराम लग गया है। विधायकों की ओर से हाल ही में सड़कों के किए गए उद्घाटन कार्य अब एक माह के लिए लटक गया है। इनके टेंडर अब आदर्श आचार संहिता खत्म होने के बाद ही हो सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत भी अब नए कार्य एक माह के लिए नहीं होंगे। पंचायत प्रधान व वार्ड सदस्यों के उपचुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए मनरेेगा के तहत किए गए कार्यों की मुख्य भूमिका रहती है। कुल्लू जिला में करीब दस पेयजल योजनाओं के टेंडर हाल ही में हुए हैं, जिनका अवार्ड होना बाकी था। इस बीच अब आदर्श आचार संहिता लागू होने से इनका काम एक माह के लिए लटक गया है। इसके अलावा आईपीएच की 15 पेयजल योजनाओं के टेंडर होना भी प्रस्तावित हैं। लेकिन अब यह प्रक्रिया रुक गई है। लोक निर्माण विभाग के तहत एक दर्जन से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य भी रुक गया है। इनकी टेंडर प्रक्रिया इन दिनों चल रही थी। उधर, डीसी व जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू यूनुस ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करवाया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की छूट रहेगी।
जिप वार्ड समेत 18 पदों पर उपचुनाव
कुल्लू में जिला परिषद वार्ड खाडागाड़ समेत 18 पदों पर उपचुनाव हो रहा है। इसके लिए सभी तिथियां घोषित कर दी गई हैं। एक जिप सदस्य, एक प्रधान व 16 वार्ड सदस्यों के पदों पर उपचुनाव होगा। जिला परिषद खाडागाड़ वार्ड का पद सुरेंद्र शौरी के बंजार विधायक बनने पर खाली हुआ है।