मनाली (कुल्लू)। बर्फबारी न होने से पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला की स्की ढलान सूनी पड़ गई है। सोलंगनाला में विंटर गेम्स की गतिविधियां पूरी तरह से बंद हो गई हैं। बिना बर्फ के मनाली के स्कीयर नेशनल प्रतियोगिता के लिए तैयारी भी नहीं कर पा रहे हैं। बर्फबारी न होने से स्कीयरों में निराशा है। बर्फबारी न होने के कारण ओली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विंटर गेम्स फरवरी तक के लिए स्थगित की दी गई हैं। फरवरी में आयोजित राष्ट्रीय गेम्स तथा ईरान में होने वाली इंटर नेशनल प्रतियोगिता के लिए स्थानीय खिलाड़ी बर्फ न होने के चलते तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। ईरान में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल चैंपियनशिप में ट्रायल देने के लिए खिलाड़ियों को गुलमर्ग जाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि पर्यटन नगरी मनाली इस सीजन में बर्फबारी के लिए तरस गई है। करीब दो सप्ताह पहले हुई बर्फबारी भी रोहतांग और आसपास के क्षेत्रों में ही हुई। विंटर गेम्स में पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नारायण ठाकुर ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि मनाली दिसंबर और जनवरी में बर्फ से महरूम रही है। बर्फबारी न होने के चलते सोलंग स्की ढलान पूरी तरह से सूनी पड़ी हुई है। स्कीयर भी अपने घरों में दुबके बैठे हैं। प्रतियोगिता की तैयारी न होने का असर नेशनल स्कीइंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ सकता है।
गुलमर्ग पहुंची टीम
हिमाचल विंटर गेम्स ऐसोसिएशन के अध्यक्ष रूप चंद नेगी ने कहा कि हिमाचल टीम के प्रभारी पूर्ण चंद ठाकुर, भोला ठाकुर और गोकुल चंद टीम को लेकर गुलमर्ग पहुंच चुके हैं। सोलंगनाला में बर्फबारी न होने के चलते खिलाड़ी अपना अभ्यास नहीं कर सके। इसलिए टीम को कुछ दिन पहले ही गुलमर्ग भेज दिया गया है, जिससे वह अभ्यास कर भारतीय टीम के लिए के लिए ट्रायल दे सके। हिमाचल टीम से विनीत शर्मा, अनिल ठाकुर, सौरव ठाकुर, योगेश ठाकुर, वर्षा ठाकुर, संध्या ठाकुर, तनुजा ठाकुर, अटल बिहारी पर्वतारोहण खेल संस्थान की ओर से चंदन सेठी और पारस ठाकुर शामिल हैं।