कृषि प्रसार केंद्रों में मटर बीज का स्टॉक खत्म
बिजाई के लिए किसानों को नहीं मिल रहा है बीज
दुकानों से महंगा बीज खरीदने को किसान मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। कृषि विभाग के प्रसार केंद्रों में मटर बीज आउट ऑफ स्टाक हो गया है। मटर बीज का स्टाक खत्म होने से किसानों को बिजाई से मटर बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसे में किसानों को अब बिजाई ने दुकानों से महंगा बीज खरीदना पड़ रहा है। बारिश के बाद घाटी के किसान इन दिनों मटर और गेहूं की बिजाई कर रहे हैं लेकिन बीज उपलब्ध न होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कृषि विभाग के पास इस वर्ष किसानों को वितरित करने के लिए 621 क्विंटल मटर बीज आया था। जिसे जिला कुल्लू के कृषि प्रसार केंद्रों में किसानों को वितरित किया गया। हालांकि बारिश न होने के कारण बिजाई नहीं कर सके। बारिश के बाद किसान कृषि प्रसार केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन उन्हें मायूस लौटना पड़ रहा है। विभाग ने पिछले साल की मुकाबले इस बार अधिक बीज मंगवाया था। किसान मंगल चंद, चंदू राम, प्रेम सिंह, सेवती देवी, प्यारे लाल, दिले राम और आशा के अनुसार जब वह मटर बीज खरीदने के लिए विभाग के कृषि प्रसार केंद्र के पास जाते हैं तो वहां पर उन्हें मटर बीज नहीं मिल रहा है। बिजाई का समय निकल रहा है। इसलिए अब उन्हें दुकान से महंगे दाम पर बीज खरीदना पड़ रहा है। विभाग को चाहिए किसानों के लिए बीज उपलब्ध करवाना चाहिए। जिससे किसानों को सस्ते दामों पर बीज मुहैया हो सके। इधर कृषि विभाग के डीओ मनोज गौतम ने कहा कि 621 क्विंटल मटर बीज को किसानों को आवंटित किया गया है। इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में अधिक मटर किसानों को आवंटित किया गया है। फिलहाल किसानों को मटर बीज मुहैया नहीं हो सकेगा।