टारिंग उखड़ने से सड़क की खस्ताहालत
- फोटो : अमर उजाला
कुल्लू। वामतट भुंतर-गड़सा रोड खस्ताहाल हो गया है। जगह-जगह गड्ढे होने से करीब चार किलोमीटर लंबे मार्ग पर वाहनों को चलाना खतरनाक हो गया है। ऐसे में भुईन और बड़ा भुईन के लोग काफी परेशान हैं। जिला प्रशासन ने 10 नवंबर से लेकर 10 दिसंबर तक भुंतर वेली ब्रिज के निर्माण को लेकर मनाली तथा मणिकर्ण घाटी से मंडी की तरफ जाने वाले वाहनों को इस मार्ग से होकर बजौरा तक भेजा। वाहनों की भारी संख्या से इस मार्ग की दशा बेहद खराब हो गई है। गड्ढों के साथ मार्ग उबड़-खाबड़ हो गया और यहां वाहनों को चलाना खतरनाक हो गया है। जिससे भुईन तथा बड़ा भुईन पंचायत के लोग इस रोड होकर गुजरने से कतराने लगे हैं।
इस संबंध में स्थानीय निवासी इंद्रदेव शास्त्री, कुबेर ठाकुर, महिंद्र ठाकुर, चमन शर्मा, बलदेव शर्मा तथा विजय शर्मा ने कहा कि एक माह तक वामतट होकर गुजरने वाला भुंतर-गड़सा रोड का खूब इस्तेमाल किया लेकिन अब सड़क को खस्ताहाल छोड़ दिया है। जिससे भुईन और बड़ा भुईन पंचायत के लोगों में लोनिवि तथा प्रशासन के प्रति भारी रोष है।
इसके बारे में लोनिवि को भी अवगत करवाया लेकिन उन्होंने बजट न होने से इस सड़क के दुरुस्त करने से मना कर दिया है। इंद्रदेव शास्त्री ने कहा कि सड़क लोनिवि का है तो इससे ठीक करने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग की है। इस संबंध मेें लोनिवि भुंतर के सहायक अभियंता सुरेश कुमार धीमान ने कहा कि विभाग ने वामतट सड़क भुंतर-गड़सा सड़क की सोलिंग का कार्य शुरू कर दिया है। जहां भी सड़क खराब होगी विभाग सोलिंग कर लोगों को राहत देगा।